टिहरी : पुलिस ने यूनियन बैंक खाताधारकों के पैसे का गबन करने वाले कैशियर सोमेश डोभाल को गिरफ्तार कर लिया है l पुलिस ने आरोपी बैंक कैशियर सोमेश डोभाल पुत्र विशंभर डोभाल, निवासी गली नंबर 13, मकान नंबर 149, गंगा नगर ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.

बता दें कि टिहरी के प्रतापनगर विधानसभा अंतर्गत मदन नेगी क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में 1 करोड़ 20 लाख रुपये के गबन का खुलासा हुआ था. खाताधारक दौलत सिंह रावत समेत ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि कैशियर सोमेश डोभाल ने बैंक ग्राहकों की एफडी और खातों से पैसे निकालकर गबन किया है. घोटाले की सच्चाई सामने आने के बाद बैंक कैशियर लापता हो गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कैशियर सोमेश डोभाल को गिरफ्तार कर लिया है.
इस मामले में 4 सितंबर 22 को मदन नेगी यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक अवनीश कुमार ने न्यू टिहरी थाने में प्रार्थना की. जिसमें उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व शाखा प्रबंधक राहुल शर्मा और विशेष सहायक सोमेश डोभाल पर उनके कार्यकाल में वित्तीय अनियमितताएं करने का आरोप लगाया. इस संबंध में देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय के आदेश पर चंबा शाखा के शाखा प्रबंधक सती लाल ने मदन नेगी बैंक शाखा में त्रैमासिक निरीक्षण किया. जिसमें प्रथम दृष्टया 44 लाख 33 हजार का अंतर पाया गया। इस संबंध में विभागीय जांच चल रही है।
पुलिस ने अवनीश कुमार की अर्जी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया गया कि आरोपियों ने जाली दस्तावेज तैयार कर, कर्ज जारी कर और ग्राहकों के खातों से छेड़छाड़ कर बैंक चेक से करीब 44 लाख और सरकारी धन का गबन किया था. इस तरह से आरोपित अब तक कुल 46 लाख रुपये का गबन कर चुके हैं। फिलहाल इस संबंध में जांच जारी है।

