एशिया कप 2022 के ‘सुपर फोर’ मुकाबले में पाकिस्तान ने बुधवार को अफगानिस्तान को एक विकेट से हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया. पाकिस्तान की इस जीत के साथ ही अफगानिस्तान के साथ ही भारतीय टीम की फाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो गई। पाकिस्तान ने जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य 19.2 ओवर में नौ विकेट पर हासिल कर लिया।
इससे पहले गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने एशिया कप 2022 के ‘सुपर फोर’ मैच में अफगानिस्तान को छह विकेट पर 129 रन पर रोक दिया था। अफगानिस्तान के लिए इब्राहिम जादरान ने 35 रन का योगदान दिया। उन्होंने 37 गेंदों की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। हारिस रऊफ पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 26 रन देकर दो विकेट लिए। नसीम शाह, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज और शादाब खान ने एक-एक विकेट लिया।
अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाजों ने एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई लेकिन वे बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे। रहमानुल्लाह गुरबाज (17) ने पारी के दूसरे ओवर में हसनैन के खिलाफ दो छक्के लगाए, जबकि हजरतुल्लाह जजई (21) ने चौथे ओवर में हारिस रउफ के खिलाफ दो चौके लगाए। हालांकि, रऊफ ने उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर गुरबाज को बोल्ड कर अपनी 11 गेंदों की पारी का अंत किया। गुरबाज ने जजई के साथ 36 रन की साझेदारी की। पांचवें ओवर में जजई मोहम्मद हसनैन की धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए।
लगातार दो वार करने के बाद जदरान और करीम जनत (15) ने जोखिम लेने के बजाय दौड़ना सही समझा। 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर जनत ने मोहम्मद नवाज के खिलाफ चौका लगाया, जबकि 11वें ओवर की पहली गेंद पर जदरान ने रऊफ की गेंद को सीमा रेखा के पार भेज दिया. पाकिस्तान की कड़ी गेंदबाजी के सामने दोनों तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। 12वें ओवर में बड़ा शॉट मारने की कोशिश कर रहे जनत को मोहम्मद नवाज ने पवेलियन की राह दिखाई.
क्रीज पर आए नजीबुल्लाह जदरान (10) ने 14वें ओवर में शादाब खान के खिलाफ छक्का जड़ उम्मीदें जगाई , लेकिन वह इस ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए. मोहम्मद नबी अगली ओवर की पहली ही गेंद पर नसीम शाह की गेंद पर खाता खोले बगैर बोल्ड हो गये . जादरान ने रन गति तेज करने के लिए शादाब की गेंद पर छक्का लगाया लेकिन 17वें ओवर में रउफ की गेंद पर विकेटकीपर रिजवान को कैच थमा दिया । इस ओवर से सिर्फ एक रन आया।
अजमतुल्लाह ओमरजाई और राशिद खान की जोड़ी ने फिर आखिरी तीन ओवरों में 24 रन जोड़े जिसमें राशिद ने आखिरी ओवर में रऊफ के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्के और चौके लगाए। राशिद 18 और ओमरजाई 10 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 25 रन की अटूट साझेदारी की।
एशिया कप 2022: टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत के साथ टूर्नामेंट से विदाई लेना चाहेगी
एशिया कप 2022 के सुपर-4 राउंड में भारतीय टीम गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच खेलेगी। हालांकि, भारत के फाइनल में पहुंचने के सारे रास्ते बुधवार को बंद हो गए जब पाकिस्तान ने रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान को 1 विकेट से हरा दिया। सुपर-4 में खेले गए दोनों मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। भारत को पाकिस्तान ने 5 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा।

अब भारत का पूरा ध्यान आगामी विश्व कप के लिए एक मजबूत टीम बनाने पर है। इस मैच में भारतीय टीम बड़ी जीत के साथ एशिया कप से विदाई लेने की कोशिश करेगी। हालांकि भारत टी20 मैचों में अफगानिस्तान की टीम को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकता। बुधवार और गुरुवार को यानी लगातार दो दिन अफगानिस्तान की टीम मैच खेलने के लिए मैदान में उतरेगी.
अफगानिस्तान की टीम भी लय में
उम्मीद की जा रही है कि पिछले मैचों की तरह इस बार भी भारतीय टीम प्लेइंग 11 को चुनने में कोई गलती नहीं करेगी. एशिया कप में दो मैचों में मिली हार ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. भारत के तेज गेंदबाजों ने इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। भुवनेश्वर कुमार को छोड़कर कोई भी तेज गेंदबाज ज्यादा प्रभावी नजर नहीं आया। वहीं अफगानिस्तान की टीम में राशिद खान, मुजीब जादरान, मोहम्मद नबी, हजरतुल्लाह जजई और रहमानुल्ला गुरबाज जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो कभी भी मैच की स्थिति बदलने में सफल हो सकते हैं.

