देहरादून : विजिलेंस ने चालान कार्रवाई में लाखों रुपये के गबन के आरोप में परिवहन मुख्यालय में प्रवर्तन कार्य में तैनात सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आनंद जायसवाल को बुधवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया और शाम को गिरफ्तार कर लिया. जायसवाल पर ऋषिकेश में एआरटीओ के पद पर नियुक्ति के दौरान भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, जिसकी विभागीय जांच में पुष्टि होने के बाद विजिलेंस ने यह कार्रवाई की है. एआरटीओ पर करीब 29 लाख रुपये के गबन का आरोप है।

आरोप है कि ऋषिकेश में एआरटीओ रहते हुए 2010 से 2015 के बीच उसने यह गबन किया था। उन्हें मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया और गबन की विभागीय जांच के बाद पदावनत कर दिया गया। साथ ही विजिलेंस इंक्वायरी का गठन किया गया। विजिलेंस ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद 18 मार्च 2017 को धोखाधड़ी, गबन, भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था।

आनंद जायसवाल ने गिरफ्तारी से बचने और विभागीय कार्रवाई के खिलाफ हाई कोर्ट नैनीताल से स्टे ऑर्डर लिया था, जिसके चलते विजिलेंस कार्रवाई कुछ समय के लिए टाल दी गई थी. हालांकि, आरोपों की पुष्टि के बाद बुधवार शाम करीब छह घंटे तक चली पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आनंद जायसवाल 2009 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। आरोप है कि परिवहन विभाग में नियुक्ति मिलते ही उन्होंने पद का दुरूपयोग करना शुरू कर दिया. उन्होंने वर्ष 2010 से 2015 तक ऋषिकेश में परिवहन कर अधिकारी के साथ एआरटीओ का अतिरिक्त प्रभार संभाला। दोहरी जिम्मेदारी का लाभ उठाते हुए, उन्होंने चालान की अधिक राशि वसूली और पूरा राजस्व सरकार को नहीं दिया। उसने एक-एक हजार रुपये का चालान कर कोषागार में मात्र 100-100 रुपये दिखाए। अब विजिलेंस ने उसकी चल-अचल संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी विजिलेंस धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा.