पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ में बादल फटने से धारचूला के खोतीला में शुक्रवार की रात भारी तबाही हुई है. धारचूला बाजार की दुकानों को भारी नुकसान हुआ है. पहाड़ी से बारिश का पानी लेकर आया मलबा कई घरों में घुस गया है। बाजार का रास्ता भी मलबे से पट गया है। सड़क पर खड़े वाहन भी मलबे में दब गए। मल्ली बाजार, ग्वाल गांव और खोतीला में सड़कों पर मलबा जमा हो गया है.

हाल ही में एलधार नामक स्थान पर भूस्खलन के बाद खतरा उत्पन्न हो गया है । फिर भूस्खलन के साथ-साथ पत्थर गिरने से चार घर ढह गए। जिन लोगों के यहां घर हैं, वे अब भी दूसरी सुरक्षित जगहों पर रह रहे हैं। शुक्रवार की रात एक बार फिर से मलबा आने से लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। भारी बारिश के कारण काली नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। नदी तटबंध के ऊपर से बहने लगी है। इससे लोग सहमे हुए हैं।
खराब मौसम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है. एसडीआरएफ और पुलिस अलर्ट पर है। नेपाल की तरफ भी काफी तबाही हुई है। कुछ घरों के ध्वस्त होने और लोगों के लापता होने की भी खबर है। काली नदी के रौद्र रूप का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नेपाल में काली नदी के किनारे बनी सड़क पर पानी बह रहा है।

