बेरीनाग : तहसील मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर चचरेत गांव में चार साल की बच्ची को अपना निवाला बनाया है. बताया जा रहा है कि शाम सात बजे बालिका को घर के आंगन से गुलदार उठा कर  दूर ले गया. वहीं घरवालों के शोर मचाने और गुलदार का पीछा करने पर बच्ची का शव घर से 150 मीटर दूर बरामद हुआ. इस घटना के बाद से ग्रामीण सहमे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम पान सिंह मेहरा की छह वर्षीय बेटी भारती आंगन में खेल रही थी. तभी घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे अपने मुंह में दबा कर जंगल की ओर भाग गया। वहीं, बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजनों ने गुलदार का पीछा किया तो उसका शव घर से 150 मीटर दूर बरामद हुआ. बच्ची की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला के साथ वन व पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। विधायक फकीर राम टम्टा और भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरज बिष्ट भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी. साथ ही पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए गुलदार को पकड़ने की बात कही. ग्रामीण वन विभाग से गुलदार को मारने की भी मांग कर रहे हैं.