श्रीनगर: उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी का श्रीनगर के आईटीआई घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया है. वहीं इससे पहले अंकिता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से नाराज लोगों ने बद्रीनाथ-ऋषिकेश हाईवे को जाम कर दिया था. बताया जा रहा है कि अंकिता के परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं थे और परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था.
हालांकि सीएम और जिला प्रशासन के समझाने पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हैं. जिसके बाद श्रीनगर के आईटीआई घाट अंकिता भंडारी का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. इस दौरान अंकिता को विदाई देने के लिए घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी. उन्होंने कहा कि जो भी इस जघन्य अपराध में शामिल होगा उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी. एसआईटी मामले की जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से जांच में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक बेटी के साथ ऐसी घटना हुई है। ऐसे में लोगों का गुस्सा होना स्वाभाविक है.

मामला क्या है
मालूम हो कि अंकिता भंडारी पुलकित आर्य के रिजॉर्ट में काम करती थी। अंकिता भंडारी पिछले पांच दिनों से लापता थी। लेकिन शव मिलने के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि उसकी हत्या की गई है. जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी पुलकित आर्य है, जो बीजेपी नेता विनोद आर्य का बेटा है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकिता भंडारी को एक सुनसान जगह पर ले गए और उसे शराब पिलाई और फिर शराब के नशे में उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया.

