क्रिकेट : पिछले मैच में बड़ी जीत से शानदार वापसी करने वाली भारतीय टीम आज तीसरे और निर्णायक एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीतकर अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेगी. सभी की निगाहें इस मैच में सलामी बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर होंगी। पहला मैच एक छोटे अंतर से हारने के बाद, भारत की दूसरी श्रेणी की टीम ने दूसरे एकदिवसीय मैच में सात विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली और सीमित ओवरों में अपनी ताकत का एक शानदार उदाहरण प्रदर्शित किया।
भारतीय टीम प्रबंधन हालांकि कप्तान शिखर धवन और युवा बल्लेबाज शुभमन गिल की सलामी जोड़ी के प्रदर्शन को लेकर थोड़ा चिंतित रहेगा। ये दोनों बल्लेबाज अब तक सीरीज में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वनडे में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाजों में से एक धवन ने अब तक सीरीज में सिर्फ 17 रन बनाए हैं। अब जब निगाहें अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर टिकी हैं तो यह अनुभवी बल्लेबाज टीम को निर्णायक मैच में बेहतर शुरुआत देने की कोशिश करेगा.

दूसरी ओर गिल शीर्ष क्रम में दिए जा रहे मौकों का पूरा फायदा नहीं उठा पा रहे हैं। पहले मैच में सस्ते में आउट होने के बाद दूसरे वनडे में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके. भारतीय मध्यक्रम हालांकि मजबूत दिख रहा है, जिसमें श्रेयस अय्यर, ईशान किशन और उप-कप्तान संजू सैमसन शामिल हैं। जहां अय्यर और सैमसन ने अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है, वहीं किशन शानदार लय में दिख रहे हैं।
भारतीय टीम प्रबंधन जब वनडे वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों को आजमा रहे है तो तीनों अपनी फॉर्म को बरकरार रखने की पूरी कोशिश करेंगे. गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह लेने का दमदार दावा किया है. स्पिनर शाहबाज अहमद और रवि बिश्नोई ने भी डेब्यू पर अच्छा प्रदर्शन किया है। दक्षिण अफ्रीका के लिए यह सीरीज अगले साल होने वाले विश्व कप की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। वह आईसीसी क्रिकेट विश्व कप सुपर लीग में अपने खाते में कुछ अंक जोड़ने की पूरी कोशिश करेंगे।

दक्षिण अफ्रीका वर्तमान में रैंकिंग में 11वें स्थान पर है और 50 ओवर के विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने की स्थिति में नहीं दिखता है। तेम्बा बावुमा खराब फॉर्म में चल रहे हैं। अस्वस्थ होने के कारण उन्हें दूसरे वनडे के लिए आराम दिया गया था और यह देखना होगा कि वह निर्णायक मैच में वापसी करते हैं या नहीं। कार्यवाहक कप्तान केशव महाराज ने दूसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का गलत फैसला किया क्योंकि ओस की वजह से दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को बाद में गेंदबाजी करते हुए काफी परेशानी हुई।
इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका भी निर्णायक मुकाबले में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। अब तक क्विंटन डिकॉक, एडेन मार्कराम और डेविड मिलर ने उनके लिए बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि बारिश इस मैच में खलल डाल सकती है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है और आज भी बारिश की संभावना है.

