देहरादून : दिवाली त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों व सामग्री में मिलावट पर कार्रवाई की जा रही है. देहरादून खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) और विजिलेंस की छापेमारी जारी है। इसी क्रम में देहरादून के डेयरी प्रतिष्ठानों और मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान 5 सैंपल लेकर गुणवत्ता जांच के लिए शासकीय रुद्रपुर लैब भेजे गए।
देहरादून के खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी ने बताया कि उपायुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन गढ़वाल मंडल के निर्देशन में मिलावट करने वालों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया जारी है.
वहीं, सभी मिठाई निर्माताओं और डेयरी विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे दिवाली त्योहार के दौरान अपने-अपने प्रतिष्ठानों में गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और स्वच्छता की स्थिति का पालन करेंगे. देहरादून के खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विजिलेंस टीम खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सैंपलिंग व निरीक्षण करती रहेगी.

8 माह में 170 मिलावटखोरों के खिलाफ मामले दर्ज : जिला खाद्य सुरक्षा टीम के वरिष्ठ अधिकारी रमेश सिंह के अनुसार अपर जिला अधिकारी न्यायालय में पिछले 8 माह में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ नकेल कसते हुए 170 मामले दर्ज किए गए हैं. इस दौरान घटिया, मिलावटी और पनीर के आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में 8 मामले दर्ज किए गए हैं. सभी मामलों में कोर्ट की प्रक्रिया के तहत कार्यवाही चल रही है।

