मसूरी : केक सेरेमनी कार्यक्रम के तहत द वैल्कम सवॉय होटल में पारंपरिक तरीके से क्रिसमस केक मिक्सिंग की गई. इस मौके पर होटल में आए मेहमानों समेत स्थानीय लोग भी मौजूद थे. और सभी ने क्रिसमस केक मिक्सिंग प्रोग्राम में हिस्सा लिया।

क्रिसमस केक मिक्सिंग सेरेमनी का आयोजन द वैल्कम सवॉय होटल के परिसर में किया गया, जिसमें क्रिसमस के मौके पर बने प्लम केक को मिक्स किया गया. इस मौके पर होटल के जीएम गौतम वली ने कहा कि क्रिसमस के त्योहार को लेकर होटल में तैयारियां शुरू हो गई हैं. जिसके तहत एक क्रिसमस केक बनाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें स्थानीय लोगों सहित बड़ी संख्या में पर्यटकों ने भाग लिया और अपने हाथों से केक बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में विभिन्न प्रकार की शराब, सूखे मेवे, जूस आदि डाल दिए और उसके बाद उसे अतिथियों के हाथों मिक्स किया गया ।

उन्होंने कहा कि 18 दिसंबर से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए विभिन्न प्रकार के केक और विभिन्न प्रकार के प्लम केक तैयार किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि क्रिसमस से नए साल की शुरुआत होगी, इस बार मसूरी के 200 साल पूरे होने पर बड़ी संख्या में पर्यटक आने की उम्मीद है.

इस अवसर पर अंग्रेजी लेखक गणेश सैली ने कहा कि यह यूरोप की परंपरा है और इस परंपरा का आयोजन मसूरी के सवॉय होटल द्वारा ब्रिटिश काल से किया जाता रहा है, जिसे सौ साल से अधिक हो गए हैं और यह परंपरा आज भी जारी है। उन्होंने कहा कि यह केक क्रिसमस के लिए तैयार किया जाता है, जिसका स्वाद अलग होता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।