कालाढूंगी : गुलजारपुर बंकी गांव में पिछले कई दिनों से गुलदार का आतंक व्याप्त है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं. गुलदार ने गांव के एक मुर्गी फार्म में घुसकर एक दर्जन से ज्यादा मुर्गियों को अपना निवाला बना लिया. इसके बाद मुर्गी फार्म के मालिक ने वन विभाग को सूचना दी और वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया.

कालाढूंगी से सटे गुलजारपुर बंकी गांव में तेंदुआ का आतंक व्याप्त है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं. महेश कार्की के घर के पास के मुर्गी फार्म पर गुलदार ने हमला बोल दिया और दर्जनों मुर्गियों को अपना निवाला बना लिया. महेश कार्की और उनके परिवार ने बताया कि रात्रि को आहट सुनकर उन्होंने देखा तो उनके होश उड़ गए. गुलदार को देखकर सभी लोग घर के अंदर ही दुबके रहे। सुबह पीड़ित परिवार ने वन विभाग को सूचना दी, वन कर्मियों ने घटनास्थल का मुआयना कर घटना की जानकारी ली.

ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार का दहशत पिछले कई दिनों से गांव में बना हुआ है. गुलदार ने कई ग्रामीणों के पालतू कुत्तों और अन्य जानवरों को निवाला बना लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के पास आए दिन गुलदार का दिखना किसी खतरे से कम नहीं है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं वन अधिकारी ख्याली राम आर्या ने कर्मचारियों को नियमित गश्त के आदेश दिए हैं.