हल्द्वानी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को हल्द्वानी पहुंचे. जहां रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह तक औचक निरीक्षण किया गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह देहरादून के लिए रवाना होने से पहले सुशीला तिवारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान सीएम ने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

इस मौके पर सीएम धामी ने सुशीला तिवारी अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए और अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जरूरी चीजों का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजने को कहा. ताकि जल्द से जल्द इनकी आपूर्ति हो सके और अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाया जा सके.

इससे पहले आज मुख्यमंत्री ने रानीबाग एचएमटी परिसर का निरीक्षण किया। देर शाम हल्द्वानी पहुंचने के बाद सीएम ने अधिकारियों को जर्जर सड़कों का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से साफ कहा है कि यदि कार्य में लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी. कैबिनेट विस्तार पर पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बीजेपी में सभी काम कैलेंडर के हिसाब से तय होते हैं और यह सब संगठन की प्रक्रिया है. सीएम ने यह भी कहा कि कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा।