देहरादून 07 नवंबर : आवास व शहरी विकास मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रदेशभर की पार्किंग की समस्या के निराकरण सम्बन्धी मंत्री डा. अग्रवाल ने आवश्यक निर्देश भी दिए।
सचिवालय में आयोजित बैठक में मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड एक पर्यटन प्रदेश है यहां देशभर से लोग तीर्थयात्री, श्रद्धालु और पर्यटक के रूप में पहुंचते हैं। ऐसे में पार्किंग ना होने के चलते उनके समक्ष दिक्कतें पैदा होती हैं। वहीं, स्थानीय नागरिकों को भी रोजाना पार्किंग की समस्या से गुजरना पड़ता है।

विभागीय अधिकारियों ने बैठक के दौरान बताया कि प्रदेश भर में पार्किंग के लिए सभी जिलाधिकारियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। इस पर मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि जिलाधिकारियों के द्वारा पार्किंग संबंधी प्रस्ताव प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई शीघ्र की जाए। जिससे पार्किंग संबंधी समस्या से निजात मिल सके।
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री आनंद वर्द्धन, प्रभारी सचिव आवास श्री एसएन पांडेय, संयुक्त मुख्य प्रशासक श्री पीसी दुमका आदि उपस्थित रहे।

