देहरादून: जाम की समस्या राजधानी देहरादून में बढ़ती जा रही है, जुगाड़ वाहन सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं. ऐसे में अब संभागीय परिवहन विभाग ने देहरादून की सड़कों पर दौड़ रहे जुगाड़ वाहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है. इसके लिए विभाग जल्द ही जुगाड़ वाहनों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान शुरू करेगा। वहीं इन वाहनों के कारण परिवहन विभाग को भी रोजाना हजारों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है.
बता दें कि इन मॉडिफाइड वाहनों पर सीमेंट और सरिया जैसे सामान की ढुलाई की जा रही है, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं. संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग समय-समय पर ऐसे अवैध जुगाड़ वाहनों पर कार्रवाई करता है। लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक नहीं रुकते। वहीं, मामले पर सख्ती दिखाते हुए संभागीय परिवहन विभाग वाहन चालकों के साथ-साथ इन वाहनों से अपना माल लदान कराने वालों पर भी केस दर्ज करेगा.

आरटीओ प्रशासन सुनील शर्मा (देहरादून आरटीओ) का कहना है कि साइकिल रिक्शा पर मोटरसाइकिल या स्कूटर का इंजन लगाकर मॉडिफाई किए गए वाहन अवैध हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों के चालकों के साथ ही उन हार्डवेयर की दुकानों के मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, जहां से इसके लिए लोहा व संबंधित सामान उपलब्ध कराया जाता है. वहीं, आरटीओ प्रवर्तन शैलेश तिवारी ने कहा कि सभी जगहों से शिकायतें मिल रही हैं कि पुराने वाहनों को मॉडिफाई कर इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे में इन जुगाड़ गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
आप सब लोग ये खबर भी पढ़े

