टिहरी : जिले के चंबा विकासखंड के हडम गांव निवासी महेश कोठारी भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बने हैं. महेश चार साल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला, केरल से पास आउट हैं। महेश की इस उपलब्धि पर परिजन व क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर की। हदम गांव के महेश कोठारी अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का काम करेंगे।

आपको बता दें कि हदम गांव निवासी कृष्णा कोठारी और देवेश्वरी देवी के होनहार पुत्र महेश कोठारी अपनी मेहनत से भारतीय नौसेना में शामिल हुए हैं. उनकी प्रारंभिक शिक्षा चंबा से हुई। जिसके बाद उन्होंने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल नैनीताल से माध्यमिक शिक्षा पास की। महेश का चयन भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला केरल में हुआ था। शनिवार को पासिंग आउट परेड के बाद महेश सब लेफ्टिनेंट बन गए हैं। नेवी के अफसरों ने पीओपी में महेश के कंधे पर स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया।

अब महेश 26 दिसंबर को भारतीय नौसेना में विशाखापट्टनम में सब लेफ्टिनेंट का पदभार संभालेंगे। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख शिवानी बिष्ट, पालिकाध्यक्ष सुमना रमोला, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, समाजसेवी सुशील बहुगुणा, सभासद शक्ति जोशी, महिपाल सजवाण, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, नरेंद्र रमोला ने महेश को बधाई दी.