मसूरी : विंटर लाइन कार्निवाल से पूर्व मसूरी की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए किंक्रेग स्थित पार्किंग स्थल पर एसपी ट्रैफिक, एसडीएम व विभागीय अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी देहरादून सोनिका सिंह ने बैठक की. बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता भी मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि मॉल रोड पर शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक जीरो जोन रहेगा और वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. साथ ही, यह निर्णय लिया गया है कि केवल 10 टैक्सी लाइब्रेरी और मैसानिक लॉज टैक्सी स्टैंड पर रहेंगी और बाकी टैक्सियों को किंक्रेग पार्किंग में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी सोनिका सिंह की अध्यक्षता में मसूरी मालरोड व अन्य क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर बैठक हुई. इस दौरान जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, एसपी ट्रैफिक अक्षय प्रहलाद कोंडे, कोतवाल दिगपाल कोहली सहित यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के संबंध में सुझाव लिए. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि बैठक में यातायात व्यवस्था के संबंध में लिए गए निर्णयों को विंटर लाइन कार्निवाल से पहले लागू किया जाए, ताकि कार्निवाल के दौरान पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

बैठक की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी सोनिका ने बताया कि मसूरी की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए. जिसका पूरी तरह से पालन किया जाएगा ताकि खासकर माल रोड पर व्यवस्था की जा सके।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, व्यापार संघ के महामंत्री जगजीत कुकरेजा, नागेद्र उनियाल, एमडीडीए के अधिशासी अधिकारी अतुल गुप्ता, एनएच के अवर अभियंता खुशवंत शर्मा, पालिका अभियंता वेद प्रकाश बंदानी सहित जनता प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में लिए गए फैसले-
माल रोड पर शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक जीरो जोन रहेगा।
माल रोड पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
लाइब्रेरी से आने वाले वाहन कैमल्स बैक रोड होते हुए कुलड़ी की ओर आएंगे।
मालरोड से जुड़ा एप्रोच रोड, जिसमें हैपंटन कोर्ट और बारह
कैंची मार्ग से किसी भी वाहन को मालरोड पर आने की अनुमति नहीं होगी।
माल रोड पर पीली प्लेट वाले दोपहिया, टैक्सी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
माल रोड पर कोई भी वाहन खड़ा नहीं किया जाएगा, ऐसे वाहनों को उठा लिया जाएगा।
मैसानिक लाॅज व लाइब्रेरी टैक्सी स्टैंड पर केवल 10 टैक्सी रहेंगी, बाकी को किंगक्रेग में स्थानांतरित कर दिया जाएगा
अन्य मार्गों विशेषकर लंढौर व लाइब्रेरी क्षेत्रों में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी।

