देहरादून ; बहुप्रतीक्षित गढ़वाली फिल्म मेरू गौं का शुक्रवार को सिल्वर सिटी मॉल में प्रीमियर हुआ। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया.

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी गीता धामी, मेयर सुनील उनियाल गामा, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और लोकप्रिय लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी व आंदोलनकारी रविन्द्र जुगरान  ने संयुक्त रूप से फिल्म का शुभारंभ किया. इसके अलावा कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। फिल्म में जबरदस्त ह्यूमर के साथ-साथ इमोशंस का ज्वार भी था. फिल्म के अंत में, दर्शक स्तब्ध रह गए और कई तो अपने आंसू भी नहीं रोक पाए। साथ ही मधुर संगीत और सार्थक संवादों ने दर्शकों को सीटों से बांधे रखा।

मुख्य अभिनेता राकेश गौर ने पूरी फिल्म को अपने कंधों पर ढोया। रमेश रावत और निशा भंडारी की जबरदस्त कॉमेडी ने खास असर छोड़ा. सुमन गौर बेहद नेचुरल लग रही थीं। तीनों बाल कलाकारों का काम भी कमाल का था। यह फिल्म पहाड़ों में गांवों की दुर्दशा को प्रभावी ढंग से चित्रित करती है, फिल्म में पहाड़ों के गांवों का स्वर्णिम युग जब गांव जिंदा थे से लेकर आज मरते हुए गांवों की दुर्दशा का प्रभावी चित्रण है। साथ ही आश्चर्यजनक रूप से पलायन और सीमांकन के मुद्दों पर भी जबरदस्त बहस होती है। फिल्म को जाने-माने निर्देशक अनुज जोशी ने लिखा और निर्देशित किया है और राकेश गौर ने इसे प्रोड्यूस किया है।

गाने के बोल नरेंद्र सिंह नेगी और जितेंद्र पंवार ने गाए हैं। संगीत संजय कुमोला का है और छायांकन राजेश रतूड़ी का है। मुख्य कलाकारों में राकेश गौड़, मदन डुकलान, गोकुल पंवार, गम्भीर जायडा, रमेश रावत, गीता उनियाल, सुमन गौड़, निशा भंडारी और अजय बिष्ट आदि शामिल हैं।