हल्द्वानी : कांग्रेस के नैनीताल जिले के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल का हल्द्वानी में जोरदार स्वागत किया गया. इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे. नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राहुल चिमवाल के स्वागत में कांग्रेसियों ने पूरे शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली, जहां उनका फूल माला और ढोल नगाड़ों से भव्य स्वागत किया गया.

इस दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है और वह पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम किया जाएगा. जिससे कांग्रेस को ताकत मिलती है। वहीं, आगामी लोकसभा, नगर निगम व पंचायत चुनाव में पार्टी को मजबूती मिल सकती है।

वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से भ्रष्टाचार चरम पर है, महंगाई और बेरोजगारी आम जनता के लिए समस्या बनी हुई है, ऐसे में कांग्रेस अब प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी. ताकि जनता को सरकार की हकीकत पता चल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक सरकार के खिलाफ आंदोलन करने वाले हैं, ताकि इस सरकार को उखाड़ फेंका जा सके.