देहरादून : मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के ननूरखेड़ा में होमगार्डस एवं सिविल डिफेंस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

इस अवसर पर उन्होंने औपचारिक परेड का निरीक्षण किया और होमगार्डस एवं नागरिक सुरक्षा की स्मारिका का विमोचन किया। होमगार्डस जवानों के मानसिक स्वास्थ्य व अन्य समस्याओं के लिए बनाए गए एप ‘पहल’ का भी मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया.

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रुपये का चेक भेंट किया। गृह रक्षक कल्याण कोष से सेवानिवृत्त गृह रक्षक कुन्ती देवी को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। एवं ड्यूटी के दौरान मृत होमगार्ड जवान तिलक राज मौर्य की पत्नी प्रीति को होमगार्ड कल्याण कोष से 02 लाख रूपये का चेक प्रदान किया।

कुमाऊं कमांडेंट, होमगार्ड्स ललित मोहन जोशी को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ललित मोहन जोशी को यह सम्मान मुख्यमंत्री ने दिया। विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले जवानों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर चार घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के 10 जिलों उधमसिंहनगर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी और टिहरी में होमगार्ड स्वयंसेवकों की एक-एक महिला पलटन (कुल संख्या 330) में महिला गृह के पदों पर भर्ती की जायेगी ।

उत्तराखण्ड राज्य में एक जिले से दूसरे जिले में अंतर-जिला ड्यूटी तथा राज्य सीमा के भीतर चुनाव ड्यूटी पर तथा समारोहिक परेड में तैनात होमगार्ड स्वयंसेवकों को प्रति होमगार्ड 180 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भोजन भत्ता दिया जायेगा. होमगार्ड ड्यूटी के 24 घंटे के भीतर घायल/बीमार होने वाले होमगार्ड स्वयंसेवकों को पूरी सेवा अवधि के दौरान अस्पताल में भर्ती होने पर अधिकतम 06 महीने की अवधि के लिए ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा।

अवैतनिक प्लाटून कमांडरों का मानदेय 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह, अवैतनिक सहायक कंपनी कमांडरों का मानदेय 1200 रुपये से बढ़ाकर 2000 रुपये प्रति माह और अवैतनिक कंपनी कमांडरों का मानदेय 1500 रुपये से बढ़ाकर 2500 रूपये प्रतिमाह प्रति माह किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्र सेवा का अनुपम उदाहरण यदि कहीं स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है तो वह हमारे जवानों के बीच आकर ही देखा जा सकता है. उन्होंने कहा कि परेड में मोटरसाइकिल पर सवार जवानों ने जिस साहस, कौशल और संतुलन का प्रदर्शन किया वह काबिले तारीफ है।

राज्य में कानून व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में होमगार्ड और सिविल डिफेंस का भी महत्वपूर्ण योगदान है। जिस तरह से हमारे जवान तपती धूप में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित करते हैं, वह काबिले तारीफ है। कोविड महामारी के दौरान होमगार्ड के जवानों ने जिस निःस्वार्थ सेवा से अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया, वह सभी के लिए अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार होमगार्ड जवानों को हर तरह का सहयोग देने को तैयार है. होमगार्ड जवानों के एसएलआर प्रशिक्षण के लिए दस हजार कारतूस खरीदे गए हैं। राज्य सरकार ने इन जवानों की सुविधा के लिए पिस्टल आदि छोटे हथियारों की खरीद को भी मंजूरी दे दी है.

यातायात में सुधार के उद्देश्य से इस वर्ष विभाग द्वारा शुरू की गई “प्रोजेक्ट पार्क वेल” योजना के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। होमगार्ड स्वयंसेवकों के लंबित कल्याण निधि प्रकरणों के निस्तारण हेतु सावधि जमा राशि के पूर्ण उपयोग की भी अनुमति प्रदान की गई है। होमगार्ड स्वयंसेवकों को जून 2022 से मंहगाई भत्ता और जुलाई 2022 से धुलाई भत्ता भी दिया जा रहा है।

राज्य सरकार ने अप्रैल 2017 से बकाया भुगतान के लिए पूरक बजट में अलग से 101 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि में आने वाले समय में उत्तराखण्ड राज्य के विकास एवं कानून व्यवस्था एवं शांति स्थापना के कार्य में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते रहेंगे.

महापौर देहरादून सुनील उनियाल गामा, मेयर ऋषिकेश अनीता मंमगांई, विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, प्रमोद नैनवाल, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा केवल खुराना, डिप्टी कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड अमिताभ श्रीवास्तव, राजीव बलोनी और अन्य इस अवसर पर गणमान्य लोग उपस्थित थे।