देहरादून : बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के इंदिरा मार्केट के समीप राजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया. जिसमें करीब 257 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व करीब 7 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण किया गया. जिसमें करीब 242 करोड़ की लागत से इंदिरा मार्केट पुनर्विकास का शिलान्यास भी शामिल है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार को जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, इन सभी योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कार्यों के समय और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये हैं. कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाली कार्यपालक संस्थाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जनसुविधाओं को देखते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं. सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतोष की भावना से कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से प्रदेश को हर क्षेत्र में पूरा सहयोग मिल रहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासहीनों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड को 2025 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सभी विभागों द्वारा रोडमैप तैयार कर लिया गया है। सभी के सहयोग से उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जाएगा।
नगरीय विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि जिन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास आज किया गया. इन योजनाओं से आम लोगों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। इंदिरा मार्केट के दोबारा विकसित होने से एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा। इसके तहत 581 दुकानें व 56 कियोस्क बनाए जाएंगे। 1050 वाहनों की पार्किंग क्षमता बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
राजपुर विधायक खजानदास ने अपनी विधानसभा को बड़ी सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया. उन्होंने कहा कि इंदिरा मार्केट के पुनर्विकास से एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक सविता कपूर, भाजपा के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजपा नेता अनिल गोयल, विश्वास डाबर, पुनीत मित्तल, जिलाधिकारी सोनिका सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

