देहरादून : भारत के सबसे कम उम्र में गोल्ड मेडल (कॉमनवेल्थ गेम्स) जीतने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के दोस्त उज्ज्वल डोभाल भारतीय सेना में अफसर बन गए हैं। लक्ष्य और उज्जवल की जोड़ी ने राष्ट्रीय स्तर की जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में कई खिताब जीते हैं। देहरादून के सरस्वती सोनी मार्ग निवासी उज्ज्वल डोभाल भारतीय सैन्य अकादमी से सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद शनिवार को अधिकारी के रूप में सेना में शामिल हुए।

उज्जवल के पिता राकेश डोभाल वरिष्ठ पत्रकार हैं। जबकि मां अंजू डोभाल गृहिणी हैं। उज्जवल के बड़े भाई उदित डोभाल एमबीए करने के बाद ऑस्ट्रेलिया की एक मल्टीनेशनल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। दादा दिवंगत वीके डोभाल पशुपालन विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि दादी कमला देवी 80 साल की उम्र पार कर चुकी हैं. सेंट जोसेफ एकेडमी से 12वीं पास करने के बाद उज्जवल ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद कानून की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया, लेकिन प्राथमिकता फौजी अफसर बनने की थी। इस दौरान उनका चयन वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के साथ-साथ सीडीएस में भी हुआ।

दोस्तों ने एकेडमी पहुंचकर खुशी जाहिर की
उज्जवल को अखिल भारतीय स्तर पर सीडीएस में नौवीं रैंकिंग मिली है। आईएमए में एक साल का सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आज वह पास आउट होकर सैन्य अधिकारी बन गए हैं। उन्हें जम्मू और कश्मीर राइफल्स में लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्त किया गया था। अपने लाडले के सपनों को साकार करने के मौके पर उनके परिवार और दोस्तों ने एकेडमी पहुंचकर अपने-अपने तरीके से खुशी जाहिर की. हालांकि व्यस्तता के चलते बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन अपने साथी उज्जवल की खुशी में शामिल नहीं हो सके. उन्होंने वीडियो कॉलिंग कर बधाई दी।