देहरादून : खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने आज एशियन कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने के लिये इंडिया कराटे टीम को रवाना किया. इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के बच्चे भाग ले रहे हैं। बता दें कि ये सभी बच्चे उत्तराखंड कराटे एसोसिएशन व कराटे इंडिया संस्था के नेतृत्व में एशियन कराटे चैंपियनशिप में भाग लेंगे, जिसमें उत्तराखंड के बच्चे भी शामिल हैं। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने रविवार को उन्हें सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया।

इसके साथ ही खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस बार भी एशियाई कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे और देश के लिए पदक लाएंगे. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग का वास होता है और शरीर को स्वस्थ व मजबूत बनाने के लिए खेलकूद जरूरी है।

यही कारण है कि आज बच्चे खेलों में अधिक रुचि ले रहे हैं। जीवन में खिलाड़ी की भावना से खेल खेलना जरूरी है। खेलने से शरीर को बल, माँस-पेशियों को उभार, भूख को तीव्रता आलस्यहीनता तथा मलादि की शुद्धता प्राप्त होती है। साथ ही कहा कि खेल खेलने से मनुष्य को संघर्ष करने की आदत हो जाती है और खेल हमारा भरपूर मनोरंजन करते हैं।

इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा”काऊ” जी, निदेशक खेल एवम् युवा कल्याण श्री जितेन्द्र सोनकर सहित कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।