देहरादून : सोमवार को कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री गणेश जोशी ने रायवाला स्थित राजकीय उद्यान गंगालहरी का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेट पार्क गंगालहरी का मौका मुआयना किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों से राजकीय उद्यान गंगालहरी में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली.
मंत्री को अधिकारियों द्वारा बताया गया कि गंगालहरी में आलू, सरसों और भिंडी के उच्च गुणवत्ता वाले बीज तैयार किये जा रहे हैं. मंत्री जोशी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गंगालहरी स्टेट पार्क के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.
मंत्री जोशी ने अधिकारियों को राजकीय उद्यान गंगालहरी में 6 माह के भीतर ओडिनोइक पर्यटन विकसित करने के साथ ही अन्य संभावनाएं तलाशने के भी सख्त निर्देश दिए. मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उद्यानिकी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग जल्द ही इस गंगालहरी क्षेत्र में ओडोनिक पर्यटन विकसित करेगा.
जिससे क्षेत्र के लोगों को भी काफी फायदा होगा। मंत्री जोशी ने कहा कि क्षेत्र की सुंदरता को देखते हुए विभाग इसे उद्यानिकी पर्यटन के रूप में विकसित करने जा रहा है, जहां पर्यटक उद्यान गतिविधियों को देखने के साथ-साथ पर्यटन में भी शामिल हो सकेंगे. मंत्री जोशी ने कहा कि बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड पहुंचते हैं, जल्द ही विभाग द्वारा योजना बनाकर भारत सरकार को भेजी जाएगी. उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह कदम राज्य सरकार द्वारा लिए गए संकल्प में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, उद्यान निदेशक एचएस बवेजा,मुख्य जिला उद्यान अधिकारी मीनाक्षी जोशी सहित विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे.

