बुधवार को सचिवालय में विशिष्ट पहचान क्रियान्वयन समिति की बैठक मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु की अध्यक्षता में  हुई. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी लोगों विशेषकर बुजुर्गों व विकलांगों को आधार बनाने का अभियान चलाया जाए. मुख्य सचिव ने घर बैठे आधार बनवाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए क्षेत्र के युवाओं को पारिश्रमिक या मानदेय आदि के आधार पर रखकर यह काम किया जा सकता है।

इससे न केवल आधार संतृप्ति योजना पूरी होगी बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। मुख्य सचिव ने सभी आधार किटों के सुचारू संचालन के लिए आधार बनाने या अद्यतन करने से संबंधित सभी संस्थानों को भी निर्देश दिए। उन्होंने पिछले 10 वर्षों से एक ही स्थान पर रह रहे लोगों का भी आधार अपडेट करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए. प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी इसका प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सचिव कार्मिक को उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में आधार सत्यापन लागू करने के निर्देश दिये. कहा कि यह परीक्षाओं में धांधली रोकने में मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिन विभागों को भारत सरकार या राज्य सरकार द्वारा किसी भी प्रकार की सेवाओं, लाभ और सब्सिडी आदि के लिए लाभार्थी के आधार नंबर की आवश्यकता है,

लेकिन अभी तक इस संबंध में अधिसूचना जारी नहीं की गई है, वह इसे जल्द करवा लें। इस अवसर पर सचिव शैलेश बगोली, बीवीआरसी पुरुषोत्तम एवं निदेशक आईटीडीए अमित सिन्हा सहित यूआईडीएआई के अधिकारी भी उपस्थित थे।