थौलधार प्रखंड के कंडीसौड़ के नितिन गुसाईं ने आईसीजी (इंडियन कोस्ट गार्ड) की परीक्षा में देश में छठा स्थान हासिल किया है. नितिन इंडियन कोस्ट गार्ड में असिस्टेंट कमांडेंट बनेंगे। नितिन 25-26 दिसंबर को भारतीय नौसेना अकादमी एझिमाला, जिला कन्नूर केरल में प्रशिक्षण के लिए शामिल होंगे। उनके चयन पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर की है।
नितिन गुसाईं ने सातवीं की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज छाम कंडीसौड़ से की है। इसके बाद उन्होंने डीएवी इंटर कॉलेज डिफेंस कॉलोनी देहरादून से इंटर पास किया जबकि डीडी डिग्री कॉलेज से पीसीएम ग्रुप से बीएससी पास की। नितिन इस साल फरवरी में चंडीगढ़ में आईसीजी (इंडियन कोस्ट गार्ड) की परीक्षा में शामिल हुए, जिसका परिणाम 14 दिसंबर को घोषित किया गया।
नितिन ने देशभर में छठा रैंक हासिल कर टिहरी जिले का नाम रोशन किया है। नितिन को सातवीं बार परीक्षा में सफलता मिली है। आईसीजी परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती है। नितिन के पिता पुलम सिंह गुसाईं का 2021 में निधन हो गया था। नितिन अपने भाई-बहनों के साथ सरस्वती विहार देहरादून में रहते हैं जबकि उनकी मां दीना देवी कंडीसौड़ गांव में रहती हैं। नितिन के चयन पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की है।

