संयुक्त राष्ट्र: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को कहा कि दुनिया पाकिस्तान को आतंकवाद के ‘केंद्र’ के रूप में देखती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोविड-19 महामारी की दो साल की अवधि के बावजूद वैश्विक समुदाय यह नहीं भूला है कि आतंकवाद की इस बुराई की जड़ कहां है। ‘यूएनएससी ब्रीफिंग: ग्लोबल काउंटर टेररिज्म अप्रोच: चैलेंज एंड वे फॉरवर्ड’ की अध्यक्षता करने के बाद, जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपरोक्त टिप्पणी की।
विदेश मंत्री ने कहा, वे जो भी कह रहे हैं, सच्चाई यह है कि हर कोई, पूरी दुनिया आज उन्हें आतंकवाद के केंद्र के रूप में देखती है। जयशंकर ने कहा, मैं जानता हूं कि हम ढाई साल से कोविड से लड़ रहे हैं और इसकी वजह से यादें थोड़ी धुंधली हो गई हैं, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि दुनिया यह नहीं भूली है कि आतंकवाद कहां से शुरू होता है और क्षेत्र में और किसकी छाप क्षेत्र के बाहर सभी गतिविधियों पर दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा, इसलिए मैं कहूंगा कि किसी भी तरह की कल्पना में जीने से पहले उन्हें खुद को इस बात की याद दिलानी चाहिए। जयशंकर पाकिस्तान की विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बानी खार के हालिया आरोप पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे। खार ने आरोप लगाया था कि भारत से बेहतर किसी अन्य देश ने आतंकवाद का इस्तेमाल नहीं किया।

