देहरादून : भारत दर्शन के लिए जा रहे देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्रों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की. उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी मेधावी बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं.
भारत भ्रमण के दौरान मेधावी छात्रों को कुछ नया सीखने को मिलेगा। वह भारत को देखने के साथ-साथ भविष्य के दर्शन भी करेंगे । उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश के अन्य मेधावी छात्रों को इसी तरह भारत भ्रमण पर ले जाने के लिए राज्य सरकार द्वारा कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बच्चों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भविष्य में जिस भी क्षेत्र में काम करें, लीडर के रूप में कार्य करें. अगर हम कोई भी काम पूरी मनोयोग और लगन के साथ करते हैं तो उसमें हमें सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अनंत ऊर्जा का भण्डार है। ऊर्जा का संचार सकारात्मक हो तो कोई भी कार्य असंभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा के दौरान इन मेधावी छात्रों को शैक्षणिक और औद्योगिक संस्थानों की जानकारी भी मिलेगी.
विधायक विनोद कण्डारी ने कहा कि 19 दिसंबर 2022 तक देवप्रयाग विधानसभा के उच्च विद्यालय में उच्च पद प्राप्त करने वाले बच्चों को विभिन्न स्थानों पर शैक्षिक भ्रमण कराया जा रहा है. इन मेधावी छात्रों को शिक्षण संस्थानों के अलावा औद्योगिक व अन्य संस्थानों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी सोना सजवाण उपस्थित थे.

