ऋषिकेश : टिहरी झील में जल्द ही वाटर स्पोर्ट्स का रोमांच देखने को मिलेगा. टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से टिहरी झील में पहली बार टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप का आयोजन करने जा रहा है।

टीएचडीसी के प्रबंधक राजीव बिश्नोई ने कहा कि 28 से 30 दिसंबर तक होने वाले इस आयोजन में एशियाई चैम्पियनशिप और ओलंपिक क्वालीफाइंग 2020-23 की मेजबानी होगी। इसमें 17 राज्यों के लगभग 300 प्रतियोगी भाग ले रहे हैं।

ऋषिकेश मुख्यालय गंगा भवन में मीडिया से बात करते हुए सीएमडी राजीव विश्नोई ने कहा कि टिहरी जलाशय में होने वाला कार्यक्रम विश्व पटल पर क्षेत्र का नाम रोशन करेगा. टीएचडीसी पहली बार वाटर स्पोर्ट्स कप का आयोजन कर रहा है।

निश्चित तौर पर इस आयोजन से वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल तीन दिवसीय कार्यक्रम नहीं है, हम इसे उत्तराखंड के युवाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने के लिए तैयार करेंगे।

सीएमडी विश्नोई ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे. इस कार्यक्रम में 17 राज्यों के 300 लोग हिस्सा लेंगे। इसमें एक सौ महिलाएं और 200 पुरुष शामिल हैं।

प्रतियोगिता में नौकायन और कयाकिंग शामिल हैं। इस आयोजन में आईटीबीपी द्वारा तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उत्तराखंड ओलिंपिक एसोसिएशन, उत्तराखंड नौकायन कयाकिंग एसोसिएशन, एसडीआरएफ इसमें सहयोग करेगा।