पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है. केंद्र ने सभी राज्यों से नए मामलों पर नजर रखने और जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने को कहा है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया का एक पत्र सामने आया है, जिसे उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखा है। जिसमें दोनों नेताओं से भारत जोड़ो यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की गई है. साथ ही यह भी कहा है कि अगर ऐसा संभव न हो तो देशहित में यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया जाए.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में कहा, “चूंकि कोरोनावायरस का प्रकोप एक सार्वजनिक आपातकाल है, इसलिए भारत जोड़ी यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया जा सकता है।” सलाह देते हुए उन्होंने कहा, “राजस्थान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जाए। मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जिन लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है, वे ही यात्रा में भाग लें। यात्रा में जुड़ने से पहले और बाद में यात्रियों को आइसोलेट किया जाए।”

इसी पत्र में मंडाविया ने आगे कहा कि यदि कोरोना वायरस प्रोटोकॉल का पालन करना संभव नहीं है तो जन स्वास्थ्य आपात स्थिति को देखते हुए देश हित में भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित करने का अनुरोध किया जाता है ताकि देश को कोविड महामारी से बचाया जा सके ।