देहरादून: उत्तराखंड में ऐसा दूसरी बार होगा जब नववर्ष 2023 में लोकपर्व ईगास बग्वाल के कारण सरकारी स्कूलों में अवकाश रहेगा. शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में नए साल की छुट्टी का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इस साल स्कूलों में 37 दिन का सार्वजनिक अवकाश रहा।
साथ ही अगले साल 40 दिन की छुट्टी घोषित की गई है। उच्च माध्यमिक शिक्षा निदेशक रामकृष्ण उनियाल ने स्कूलों में अवकाश का कैलेंडर जारी कर दिया है। 19 नवंबर 2023 को छठ पूजा व 23 नवंबर 2023 को ईगास बग्वाल पर स्कूल बंद रहेंगे।
पहाड़ी इलाकों के स्कूलों में 26 दिसंबर से शीतकालीन अवकाश होगा
शिक्षा विभाग की ओर से नए साल 2023 में सर्दी व गर्मी की छुट्टी को लेकर आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यालयों में 26 दिसंबर 2023 से 31 जनवरी 2024 तक शीतकाल में अवकाश रहेगा। मैदान के स्कूलों में 1 जनवरी 2023 से 13 जनवरी 2023 तक अवकाश रहेगा। गर्मियों में पहाड़ी क्षेत्रों के स्कूल 20 से 30 जून 2023 तक और मैदानी इलाकों के स्कूल 27 मई से 30 जून 2023 तक बंद रहेंगे।

