देहरादून: उत्तराखंड में मौसम में बदलाव आया है. पूरे राज्य में दिन भर बादल छाए रहने के बीच चोटियों पर हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई।

मसूरी में बारिश के साथ सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। देर शाम लालटिब्बा और लंढौर में हुई बर्फबारी ने पर्यटकों के चेहरों पर चमक ला दी।

मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है
जबकि देहरादून में भी देर शाम झमाझम बारिश हुई। जिससे पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है. मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।

चारधाम और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई

लंबे समय से शुष्क मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तराखंड में चारधाम और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। साथ ही कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। इस वजह से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मसूरी में सीजन की पहली बर्फबारी से नए साल का जश्न मनाने आए सैलानियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि हल्की बारिश और बर्फबारी से ठंड का अहसास हो रहा है। दूसरी ओर, केदारनाथ में हल्की बर्फबारी हुई, निचले इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट आई और कंपकंपी बढ़ गई ।

पर्यटकों के चेहरे बर्फबारी के बाद खिल उठे

चमोली जिले के बदरीनाथ, हेमकुंड, औली, गौरसों की चोटियों पर हुई हल्की बर्फबारी के बाद पर्यटकों के चेहरे भी खिल उठे। नए साल के लिए ओली पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी के बीच खूब मस्ती की। उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है।

जबकि हर्षिल घाटी में बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई है। उधर, कुमाऊं में भी पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ। चीन सीमा के कुछ हिस्सों में भी बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई।