देहरादून: कहा जाता है कि मन में कुछ कर गुजरने की चाह हो और मंजिल पाने का जज्बा हो तो सफलता कदम चूमती है.

ऐसा दून निवासी अनूप भाकुनी ने किया है। उन्होंने दो महीने में दो बड़ी सफलता हासिल की है। उनका चयन अक्टूबर में बिहार न्यायिक सेवा में हुआ था। अब उसने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर सेक्शन) परीक्षा-2021 में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

अनूप मूल रूप से अल्मोड़ा के बसौली के रहने वाले हैं

अनूप का परिवार अल्मोड़ा जिले के बसौली का रहने वाला है। कई साल पहले वह प्रेमनगर के स्मिथनगर में बस गए। उनके पिता भीम सिंह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी से प्रयोगशाला सहायक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी माता गृहिणी हैं। अनूप ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केन्द्रीय विद्यालय एफआरआई से की। साल 2009 में उन्होंने 85 फीसदी अंकों के साथ 12वीं पास की।

इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से फिजिक्स ऑनर्स और फिर लॉ की पढ़ाई की। उनके कदम यहीं नहीं रुके। 2018 में उन्होंने ला कॉलेज देहरादून से एलएलएम किया। उनकी इच्छा न्यायिक सेवा में जाने की थी, इसलिए उन्होंने इसके लिए कड़ी तैयारी की। उनकी मेहनत और लगन से अब उनका सपना साकार हो गया है। अनूप के दो भाई हैं।

एक भाई वीरेंद्र स्टेट बैंक में मैनेजर है और दूसरा भाई कुलदीप एयरफोर्स में कॉर्पोरल है। अनूप की क्रिकेट में विशेष रुचि है। पढ़ाई के बीच ब्रेक लेकर वह क्रिकेट खेलकर अपने दिमाग को तरोताजा रखता है। वह सोशल साइट्स का इस्तेमाल नहीं करते हैं। अनूप का कहना है कि उनका मकसद लोगों को न्याय दिलाना होगा.