हमारी पहली प्राथमिकता प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना : गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार

चमोली : गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार, आपदा प्रबंधन सचिव रन्जीत कुमार सिन्हा समेत विशेषज्ञ भू-वैज्ञानिकों की टीम ने जोशीमठ में भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्रों का गहन सर्वेक्षण किया. जोशीमठ कस्बे में भू-धंसाव की बढ़ती समस्या को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार ने सुरक्षा की दृष्टि से जोशीमठ में एनडीआरएफ की टीम तैनात करने के निर्देश दिये हैं. आपदा प्रबंधन सचिव ने कहा कि जोशीमठ नगर क्षेत्र में भू-धंसाव के कारणों की जांच की जा रही है. टीम हर नजरिए से समस्या का आकलन कर रही है। घरों में दरारें चिंता का विषय हैं।

हमारी तत्काल प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है। स्थायी रूप से जो भी निर्माण कार्य हो सकता है, उसके लिए योजना तैयार की जाएगी। जल्द ही ड्रेनेज सिस्टम पर काम शुरू होने वाला है। साथ ही सभी घरों को सीवर से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जोशीमठ शहर में भू-धंसाव की समस्या को रोकने के लिए टीम हर एंगल से जांच कर रही है.

इस दौरान टीम ने जोशीमठ के सुनील गांव, मनोहर बाग, सिंग्धार, जेपी, मारवाड़ी, विष्णु प्रयाग, रविग्राम, गांधीनगर आदि प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वे किया. साथ ही तपोवन पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. एनटीपीसी टनल के अंदर और बाहर काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार, आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत कुमार सिन्हा, आपदा प्रबंधन कार्यकारी अधिकारी पीयूष रौतेला, एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रोहितास मिश्रा, भूस्खलन न्यूनीकरण केन्द्र के वैज्ञानिक सांतुन सरकार, आईआईटी रूडकी के प्रोफेसर डा.बीके माहेश्वरी, सीडीओ डा.ललित नारायण मिश्र, एडीएम डा. अभिषेक त्रिपाठी, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक सैनी, तहसीलदार रवि शाह आदि मौजूद रहे.