मसूरी : केंद्र और राज्य सरकार जोशीमठ में लगातार हो रहे भू धंसाव के पीड़ितों को राहत पहुंचाने में लगी हुई है. साथ ही प्रभावित लोगों को अन्यत्र बसाने की योजना बनाई जा रही है। वहीं, मसूरी के लंढौर इलाके में अनियोजित निर्माण व खनन के कारण पहाड़ों की रानी सड़क में दरारों के साथ धंस रही है. वहीं सड़क धंसने से लोगों में दहशत का माहौल है।
आपको बता दें कि लंढौर क्षेत्र की मुख्य सड़क का एक हिस्सा पिछले कुछ सालों से लगातार धंस रहा है. वहीं, पिछले कुछ समय में लंढौर क्षेत्र के मुख्य बाजार के निचले हिस्से में लगातार अनियोजित तरीके से किए जा रहे अवैध निर्माण व खनन के कारण नियमों को ताक पर रखकर लंढौर बाजार का अस्तित्व ही खतरे में पड़ने लगा है. जिस पर न तो संबंधित विभाग ध्यान दे रहा है और न ही प्रशासन।
स्थानीय लोगों के अनुसार लंढौर क्षेत्र के मुख्य बाजार के निचले हिस्से में अवैध खनन व निर्माण किया जा रहा है. जिसकी शिकायत लगातार मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण से की गई, लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. लंढौर बाजार की मुख्य सड़क धंस रही है, जो आने वाले समय में बड़ी आपदा का रूप ले सकती है। अगर समय रहते जिला प्रशासन व सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो मसूरी में बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.
उधर, हाल ही में आए भूकंप के कारण मसूरी के मौसोनिक लॉज बस स्टैंड के नवनिर्मित भवन में दरारें आ गई थीं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. वहीं मसूरी भूकंप की दृष्टि से जोन 4 में आता है. अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो मसूरी को बड़ा नुकसान हो सकता है।

