पिथौरागढ़ : 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल में अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई. गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गयी. बैठक में निर्णय लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर सुबह साढ़े नौ बजे जिले के सभी कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को गणतंत्र दिवस पर क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को तहसील मुख्यालय पर ही सम्मानित करने के निर्देश दिये हैं.

गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में होगा, जहां प्रातः 10.30 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा. स्कूली छात्र-छात्राओं व लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। विकास से जुड़े विभिन्न विभागों की ओर से झांकियां निकाली जाएंगी। पुलिस लाइन में ही मुख्य कार्यक्रम में मुख्यालय के स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस की टुकड़ी द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम में झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा। बता दें कि गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी द्वारा सुबह 9:35 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से विकास से जुड़े विभिन्न विभागों की झांकी को हरी झंडी दिखाकर पुलिस लाइन रवाना किया जाएगा. झांकी की रवानगी के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी ने 26 जनवरी को पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए.
वहीं गणतंत्र दिवस के मौके पर अलग-अलग विभागों की ओर से अलग-अलग तारीखों में कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. अपर जिलाधिकारी ने सभी कार्यालय अध्यक्षों को 25 व 26 जनवरी की शाम छह बजे से 11 बजे तक सरकारी भवनों पर लो वोल्टेज बल्ब से रोशनी करने के निर्देश दिये. वहीं अपर जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 21 जनवरी से 26 जनवरी तक जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण निकायों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश नगर निकायों के अधिकारियों एवं जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को दिये. . अपर जिलाधिकारी ने खेल विभाग को 25 जनवरी को ओपन बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिये.
जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएस हयांकी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया, मुख्य कृषि अधिकारी रितु टम्टा, पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पिथौरागढ़ राजदेव जायसी, एई जल संस्थान सुरेश चंद्र जोशी सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

