देहरादून: जोशीमठ में भूधंसाव के मूल कारण तक पहुंचने के लिए अध्ययन में शामिल आठ वैज्ञानिक संस्थानों ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) को सौंप दी है. जोशीमठ में चल रहे राहत कार्य को लेकर सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने सचिवालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा कि अब प्राधिकरण पूरी तरह से अध्ययन कर रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा। फिर उसी के आधार पर कदम उठाए जाएंगे।
केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) को जोशीमठ के लिए प्रमुख एजेंसी के रूप में नामित किया गया है, जो प्रभावितों के पुनर्वास होने तक वहां काम करेगी। उसके जरिए सभी तरह की रिपोर्ट एनडीएमए को भेजी जाएगी। संस्थान के 10 वैज्ञानिक जोशीमठ में पदस्थ हैं। दरार वाले भवनों की निगरानी करने के साथ ही क्षति आकलन और निर्माण दिशा-निर्देशों से संबंधित रिपोर्ट तैयार करेंगे।
राष्ट्रीय भूभौतिकीय संस्थान (एनजीआरआई) के 10 वैज्ञानिकों की एक टीम भी क्षेत्र में भूभौतिकीय और भू-तकनीकी सेवाएं दे रही है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) जोशीमठ का भूवैज्ञानिक दृष्टिकोण से अध्ययन कर रहा है। आईआईटी रुड़की के वैज्ञानिकों की एक टीम भू-तकनीकी सर्वेक्षण कर रही है। वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के वैज्ञानिक भूकंप की दृष्टि से जमीन के अंदर हलचल सहित अन्य बिंदुओं पर काम कर रहे हैं।
केंद्रीय भूजल बोर्ड के वैज्ञानिक भूजल की स्थिति और पानी के रिसाव के स्रोत का अध्ययन कर रहे हैं। आईआईआरएस को जोशीमठ की सैटेलाइट इमेजरी का काम सौंपा गया है, जबकि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी के वैज्ञानिक हाइड्रोलॉजिकल सर्वे में लगे हैं। पिछली 17 जनवरी इन सभी संस्थानों के लिए जांच की समय सीमा थी। इसी कड़ी में सभी संस्थानों ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट एनडीएमए को भेज दी है।

