बीएमडब्ल्यू ने भारत में नई तीसरी पीढ़ी की एसयूवी एक्स1 लॉन्च कर दी है। पुराने जनरेशन मॉडल की तरह ही कंपनी ने X1 को पेट्रोल और डीजल दोनों विकल्पों के साथ लॉन्च किया है। इस बार कंपनी की ओर से ऑल व्हील ड्राइव का विकल्प हटा दिया गया है। यह कार जीरो से 100 किमी की रफ्तार महज 9 सेकंड में हासिल कर सकती है। इसके पेट्रोल वेरिएंट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 45.90 लाख रूपये तय की गई थी। बीएमडब्ल्यू के डीजल वेरिएंट की कीमत 47.90 लाख रूपये है।

बीएमडब्ल्यू एक्स1 भारत में लॉन्च
बेंगलुरु में चल रहे बीएमडब्ल्यू जॉयटाउन फेस्टिवल में कंपनी ने बताया कि यह इंट्रोडक्टरी प्राइज है। इस कार का निर्माण बीएमडब्ल्यू ग्रुप के चेन्नई स्थित प्लांट में किया जाएगा। BMW X1 sDrive 18d M Sport की डिलीवरी मार्च से और BMW X1 S Drive 18i X लाइन की डिलीवरी जून से शुरू होगी। इस कार का मुकाबला मर्सिडीज बेंज जीएलए, ऑडी क्यू-3, वॉल्वो एक्ससी40 और मिनी कंट्री मैन जैसी प्रीमियम गाड़ियों से होगा। कार में एल्पाइन व्हाइट, स्पेस सिल्वर, फाइटोनिक ब्लू और ब्लैक सफायर और एम पोर्टिमाओ ब्लू मिलता है।

इसके फ्रंट में भी काफी बदलाव किया गया है। फ्रंट में बड़ा ग्रिल, L-शेप का डेटाइम रनिंग लैंप और नए डिजाइन का बंपर कार को स्पोर्टी लुक देता है। साइड में नए 18 इंच के अलॉय व्हील और प्लस सेटिंग डोर हैंडल दिए गए हैं। अंदर से केबिन काफी प्रीमियम और अपमार्केट दिखता है। X1 में अब एक नया क्वाड इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है जो कंपनी के नए X7 और 7 सीरीज मॉडल में भी दिया जा रहा है।