मसूरी : देशभर में शनिवार को महाशिवरात्रि का पर्व उत्साह और धूमधाम से मनाया गया. पर्यटन नगरी मसूरी में भी महाशिवरात्रि के मौके पर सभी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर शिव भक्तों ने अपने भोले का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
महाशिवरात्रि के अवसर पर लंढौर श्री सनातन धर्म मंदिर लंढौर, श्री राधाकृण मंदिर कुलड़ी, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर लाइब्रेरी, पौराणिक प्राकृतिक शिव मदिर मासी फॉल खेतवाला, मसूरी देहरादून रोड स्थित शिव मंदिर सहित सभी मंदिरों में बड़ी संख्या में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी रही । भक्तों ने शिवलिंग का पूजन, दूधाभिषेक, लिंग का जलाभिषेक किया और बेलपत्र व पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर लंढौर के समाजसेवी शानू वर्मा ने कहा कि लंढौर श्री सनातन धर्म मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु पूजा करने आ रहे है और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की जा रही है।
खेतवाला माॅसी फाॅल के पास एक पौराणिक प्राकृतिक शिव मंदिर है जहां शिवलिंग खुले में है और पहाड़ी से सीधे शिवलिंग पर पानी गिर रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां शिवलिंग के दर्शन करने पहुंचे और दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। कहा जाता है कि यहां भक्तों की मनोकामना पूरी होती है।इस मौके पर यहां प्रसाद वितरण और भंडारे का भी आयोजन किया गया।
मंदिर के पुजारी वासुदेव प्रसाद बडोनी ने बताया कि यह मंदिर काफी पुराना है और पिछले 35 साल से यहां शिवरात्रि के पर्व पर पूजा अर्चना की जा रही है, पहले कम लोग आते थे, लेकिन अब मसूरी समेत दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं. यहां से भक्तों के आने की बड़ी मान्यता है यह पर्व भगवान शिव और पार्वती के विवाह के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

