देहरादून : राज्य में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और उत्तरपूर्वी हवाओं के दबाव के कारण 27 फरवरी से 1 मार्च तक एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। तीन दिन जहां मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर जैसे जिलों में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात होगा।
मौसम वैज्ञानिकों ने कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई है. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. मौसम के मिजाज में बदलाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
आपको बता दें कि पिछले कई दिनों से प्रदेश में मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. पहाड़ी इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आंकड़े को छू रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक इस साल फरवरी के महीने में बहुत कम बारिश हुई है. फरवरी में पूरे राज्य में औसतन 2.4 मिमी बारिश हुई है। जो 47.5 मिमी के अनुमानित आंकड़े से काफी कम है।

