देहरादून। मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के संबंध में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की. मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य का 72 प्रतिशत भू-भाग वन होने के कारण यहां ईको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां हैं जो रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समितियों का गठन किया जा रहा है. समिति में निजी क्षेत्र की भागीदारी से बेहतर सुझाव मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र के बाहर वन विभाग द्वारा वन से सटे क्षेत्रों में तथा पर्यटन विभाग द्वारा विभिन्न ईको पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि बंबू हाउसेज, साइक्लिंग ट्रेल, ईको हट्स और ट्री हाउसेज की अपार संभावनाएं हैं। रोजगार सृजन के लिए ये गतिविधियां बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बायो डायवर्सिटी पार्क और बर्ड वॉचिंग को चिन्हित कर प्रेजेंटेशन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाए। यह एक व्यक्तिगत उत्पाद के साथ-साथ एक सर्किट के रूप में भी हो सकता है।

मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले को ईको टूरिज्म कंसल्टेंट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। कहा कि इससे लोकेशन स्पेसिफिक प्लान बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी जिलों से जिलावार प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। कहा कि कौन सा जिला क्या कर रहा है उसकी जिलेवार रैंकिंग भी की जाएगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि क्षेत्र में आयुष और हर्बल पार्क की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के अनुभव प्रदान करने की आवश्यकता है। जिले अपनी योजनाओं को लागू करने में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों से अवगत कराएं, उनके समाधान के प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि रखरखाव के लिए धन की कमी के कारण विभिन्न योजनाओं को बीच में ही रोक दिया जाता है, ऐसी स्थिति से बचने के लिए इन योजनाओं के रखरखाव की दिशा में भी एक प्रणाली विकसित की जा रही है.

इस मौके पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) विनोद कुमार, सचिव सचिन कुर्वे, बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय एवं विजय कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने चंपावत संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) कार्यालय का उद्घाटन किया.