देहरादून : ऐतिहासिक श्री झंडेजी मेला 12 मार्च से शुरू होगा। इस साल जालंधर के संसार सिंह को श्री झंडेजी पर दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का पवित्र सौभाग्य प्राप्त हुआ है, लेकिन चूंकि वह विदेश में हैं, इसलिए उनके पुत्र बलविंदर जीत सिंह इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे। बलविंदर सिंह के पिता संसार सिंह और मां सुरजीत कौर ने कई साल पहले दर्शनी गिलाफ को चढ़ाने के लिए बुक कराया था।
श्री झंडेजी मेले की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को मेला समिति, जिला प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई. जिसमें श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने श्री झंडे जी के आरोहण एवं मेले की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये. समिति के प्रशासक केसी जुयाल ने बताया कि नगर दंडाधिकारी कुश्म चौहान, शहर कोतवाल विद्या भूषण नेगी आदि प्रशासनिक अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मेला समिति के सदस्यों से आवश्यक मुद्दों पर चर्चा की.
इस दौरान यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था, मेला स्थल पर पुलिस थाने के संचालन, मेले के अस्पताल, एंबुलेंस व्यवस्था, श्री दरबार साहिब में प्रवेश और निकास के लिए आवश्यक वन-वे व्यवस्था पर चर्चा की गई. केसी जुयाल ने कहा कि मेले के आयोजन से जुड़ी 50 समितियां अपना काम पूरा करने में लगी हुई हैं. इस मौके पर मेला योजना समिति के डीपी जसोला, सतीश पुरोहित, राजेंद्र ध्यानी, नंद सिंह गुसाईं, अनूप नेगी, शैलेश चंद, सचिन शर्मा आदि मौजूद रहे.

