जौनपुर : जिले जौनपुर विकासखंड के बेल गांव निवासी संजीत सजवाण ने उत्तराखंड अंडर-25 टीम की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया है. संजीत सजवाण का 6 मैचों में शानदार प्रदर्शन रहा था। जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर देखी जा रही है. संजीत सजवाण और उनके परिवार के सदस्यों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

जौनपुर विकास खंड के दूरस्थ इलाके में बेल गाँव में आनंद सिंह सजवाण के घर जन्मे संजीत सजवाण ने अपनी प्राथमिक शिक्षा गाँव से और उच्च शिक्षा मसूरी से प्राप्त की। संजीत सजवाण तीन बहनों में सबसे बड़े भाई हैं। उसके पिता गांव में ही खेती कर अपना गुजारा करते हैं। संजीत को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था।

जिसके लिए उनके पिता आनंद सिंह सजवाण ने भी बेटे का साथ दिया।उन्होंने हर कदम पर संजीत का हौसला बढ़ाया। संजीत सजवाण ने घरेलू स्तर के मैचों में विकेटकीपर और बल्लेबाज के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद संजीत ने चंडीगढ़ क्रिकेट एकेडमी से ट्रेनिंग ली। यहां काफी मेहनत करने के बाद संजीत का चयन उत्तराखंड की अंडर-25 क्रिकेट टीम में हुआ।

संजीत सजवाण ने 30 दिसंबर 2022 से 15 फरवरी 2023 तक मुंबई, केरल, नागालैंड और काशीपुर में आयोजित सीके नायडू अंडर-25 क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तराखंड टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में 6 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और 495 रन बनाकर 20 खिलाड़ियों को स्टंप और कैच आउट किया । काशीपुर में हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 144 रन रहा । इस मैच में उत्तराखंड ने हैदराबाद को पारी और 314 रनों से हरा दिया। संजीत के इस परफॉर्मेंस की हर कोई तारीफ कर रहा है.

पहाड़ न्यूज़ को संजीत सजवाण ने बताया कि शुरू में उनके लिए उत्तराखंड की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना मुश्किल था। माता-पिता के प्रोत्साहन और कोच अमन दास के मार्गदर्शन से उन्होंने अपने रास्ते में आने वाली चुनौतियों पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर खेलने के लिए कड़ी मेहनत भी करनी पड़ती है। एक क्रिकेटर के तौर पर आप कभी आराम नहीं कर सकते, तभी आप सफल होंगे।

मसूरी : खाद्य सुरक्षा विभाग ने लक्ष्मी मिष्ठान भंडार सहित आठ से अधिक दुकानों के सेंपल लिए