देहरादून : देश में कोरोना के आंकड़े चौंकाने वाले हैं. 134 दिनों के बाद रविवार को देश में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 10 हजार से ज्यादा हो गए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को देश में 1805 लोग संक्रमित हुए हैं. अब मरीज बढ़ने से संक्रमण दर बढ़कर 3.19% हो गई है।यानी रोजाना पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 3.19 फीसदी हो गया है। इसी तरह साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर बढ़कर 1.39 प्रतिशत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अभी कुल 10 हजार 300 मरीजों का इलाज चल रहा है. रविवार को 9,433 सक्रिय मामले थे।
24 घंटे में छह लोगों की मौत हुई है
पिछले 24 घंटे में देश में संक्रमण से छह लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,30,837 हो गई है। चंडीगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 24 घंटे के अंतराल में एक-एक मौत हुई है। केरल में दो मौतें हुईं।
देश में अब तक 4 करोड़ 47 लाख 05 हजार 952 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, इसमें 0.02 फीसदी सक्रिय मामले हैं, जबकि 98.79 फीसदी ठीक हो चुके हैं. 1.19 फीसदी लोगों की मौत हुई। राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड टीके की 220.65 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
एक हफ्ते में 78 फीसदी मामले बढ़े हैं
पिछले सात दिनों में संक्रमण के मामलों में 78% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले हफ्ते यानी 19 से 25 मार्च के बीच 8781 नए कोरोना मरीज मिले। इससे पहले देश में 12 मार्च से 18 मार्च के बीच 4929 मामले सामने आए थे.

