केदारनाथ : छह अप्रैल से चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो सकती है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण में टिकट बुकिंग की सुविधा 24 से 30 अप्रैल तक उपलब्ध होगी।
पहली बार केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकट की बुकिंग आईआरसीटीसी के जरिए की जाएगी। इसके लिए आईआरसीटीसी ने वेबसाइट का ट्रायल शुरू कर दिया है। केदारनाथ हेली सेवा का संचालन नौ कंपनियां गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से करेंगी। शुरुआत में टिकट बुकिंग के लिए पोर्टल 24 से 30 अप्रैल तक ही खुला रहेगा। इसके बाद टिकट बुकिंग के लिए दूसरा चरण तय किया जाएगा।
चार धाम यात्रा 22 अप्रैल से शुरू हो रही है। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुलेंगे। पिछले साल भी करीब 1.36 लाख श्रद्धालु हेली सेवा के जरिए केदारनाथ पहुंचे थे।
टिकट बुकिंग के लिए वेबसाइट
IRCTC ने हेली सर्विस टिकट बुक करने के लिए एक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in विकसित की है। इस वेबसाइट पर यात्रियों को टिकट बुकिंग की सुविधा मिलेगी।
हेली सेवा का रूट एक तरफा दोनों तरफ का किराया (प्रति यात्री)
गुप्तकाशी से केदारनाथ 3870 7740
फाटा से केदारनाथ 2750 5500
सिरसी से केदारनाथ 2749 5498
बिना रजिस्ट्रेशन के ऑनलाइन टिकट बुकिंग नहीं होगी
चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा से जाने के लिए यात्रियों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। अपंजीकृत यात्री हेली सेवा के लिए ऑनलाइन टिकट बुक नहीं करा सकेंगे। साथ ही, एक व्यक्ति अपनी आईडी से एक बार में अधिकतम छह सीटें बुक कर सकता है, जबकि एक समूह में यात्रा करने वाले यात्री एक बार में 12 सीटें बुक कर सकते हैं।

