देहरादून : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सौंग बांध पेयजल परियोजना के लिए केंद्र सरकार से 1774 करोड़ रुपये की विशेष सहायता मांगी. मंगलवार को सीएम ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की और परियोजना के लिए धन का अनुरोध किया।
सीएम ने कहा कि सौंग बांध की पेयजल योजना से दून की पेयजल समस्या का समाधान होगा. दून शहर व आसपास के क्षेत्रों में नलकूपों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जिससे भूजल स्तर लगातार कम होता जा रहा है. दून की बढ़ती आबादी के कारण पेयजल की मांग तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान पेयजल आपूर्ति प्रणाली भविष्य की मांग को पूरा करने में सक्षम नहीं होगी।
पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
इस समस्या को ध्यान में रखते हुए भविष्य में निरंतर पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सौंग नदी पर पेयजल परियोजना प्रस्तावित है। परियोजना के निर्माण से 10 लाख की आबादी को 150 एमएलडी पेयजल उपलब्ध होगा। भूजल स्तर बढ़ने से ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी आएगी। साथ ही नलकूपों के संचालन एवं रख-रखाव संबंधी लागत में भी कमी आएगी। निर्माण से झील का निर्माण होगा।
इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही देहरादून जिले के 10 गांवों की 15 हजार आबादी को सौंग नदी में आने वाली वार्षिक बाढ़ से सुरक्षा प्रदान की जायेगी. परियोजना के लिए तकनीकी, वन भूमि हस्तांतरण एवं अन्य आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर ली गई हैं। परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए राज्य सरकार 247 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट करते उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी

