देहरादून : मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। फोर्ब्स ने मंगलवार को जारी 2023 की अरबपतियों की सूची में यह जानकारी दी है। अंबानी के मुख्य प्रतिद्वंद्वी गौतम अडानी वैश्विक सूची में 24वें स्थान पर खिसक गए। अडानी 24 जनवरी को दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे।

उस वक्त उनकी संपत्ति 126 अरब डॉलर थी। अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के बाद उनकी किस्मत तेजी से गिरी। फोर्ब्स ने कहा कि अडानी की कुल संपत्ति अब 47.2 बिलियन डॉलर है और वह अंबानी के बाद दूसरे सबसे अमीर भारतीय हैं।

मुकेश अंबानी दुनिया के 9वें सबसे अमीर शख्स हैं

मुकेश अंबानी (65) 83.4 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के 9वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। फोर्ब्स ने कहा कि पिछले साल अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज 100 अरब डॉलर के राजस्व को पार करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई। उनका कारोबार तेल, टेलीकॉम से लेकर रिटेल तक फैला हुआ है।

दुनिया के 25 सबसे अमीर लोगों में से दो-तिहाई लोगों की दौलत कम  हो गई

फोर्ब्स के अनुसार, दुनिया के 25 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति 2,100 अरब डॉलर है। 2022 में यह आंकड़ा 2,300 अरब डॉलर था। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले साल दुनिया के शीर्ष 25 सबसे अमीर लोगों में से दो-तिहाई लोगों की संपत्ति में गिरावट देखी गई।

शिव नाडर तीसरे सबसे अमीर भारतीय

लिस्ट के मुताबिक, शिव नाडर तीसरे सबसे अमीर भारतीय हैं।  साइरस पूनावाला  को देश के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में स्थान दिया गया है। स्टील दिग्गज लक्ष्मी मित्तल 5वें, ओपी जिंदल ग्रुप की सावित्री जिंदल 6वें, सन फार्मा के दिलीप सांघवी  7वें और डीमार्ट के राधाकृष्ण दमानी 8वें स्थान पर हैं।