आईपीएल के 16वें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की टीम ने लगातार 2 हार के सिलसिले को तोड़ते हुए घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की। हैदराबाद की टीम की इस सीजन में यह पहली जीत है। हैदराबाद की टीम को इस मैच में 144 रनों का लक्ष्य दिया गया था, जिसे उसने 17.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. राहुल त्रिपाठी के बल्ले से शानदार अर्धशतकीय पारी देखने को मिली.
राहुल त्रिपाठी ने अर्धशतकीय पारी खेलकर मैच को एकतरफा कर दिया
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को 144 रन का टारगेट चेज करना था। हैरी ब्रूक को मयंक अग्रवाल के साथ टीम के लिए पारी की शुरुआत करने का जिम्मा सौंपा गया था। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 27 रनों की साझेदारी की। ब्रूक को अर्शदीप सिंह ने 13 रन के निजी स्कोर पर आउट किया।
इसके बाद हैदराबाद की टीम ने पहले 6 ओवर में 34 रन बनाए। टीम को दूसरा झटका मयंक अग्रवाल के रूप में 45 रन पर लगा जबकि मयंक अग्रवाल 21 के निजी स्कोर पर राहुल चाहर का शिकार हो गए। यहां से कप्तान एडिन मारक्रम के साथ राहुल त्रिपाठी ने पंजाब की टीम को वापसी का कोई और मौका नहीं दिया.
राहुल त्रिपाठी ने कप्तान मारक्रम के साथ मिलकर 48 गेंदों पर 74 रनों की नाबाद पारी खेली और तीसरे विकेट के लिए 100 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को 8 विकेट से जीत दिला दी. मारक्रम ने इस मैच में 37 रन की नाबाद पारी खेली थी। पंजाब किंग्स की ओर से मैच में अर्शदीप सिंह और राहुल चाहर ने 1-1 विकेट लिया।
पंजाब की पारी में सिर्फ धवन के बल्ले ने ही दिखाया जादू, बाकी बल्लेबाजों ने किया निराश
अगर इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन की बात करें तो इसमें केवल कप्तान शिखर धवन का ही जादू नजर आया, जिन्होंने 66 गेंदों पर 99 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम के स्कोर को 20 ओवरों में 143 रनों तक पहुंचाया. . इस मैच में पंजाब की टीम ने एक समय 88 के स्कोर पर अपने 9 विकेट गंवा दिए थे।
धवन ने आखिरी विकेट के लिए मोहित राठी के साथ 55 रन की साझेदारी की और टीम को जुझारू स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हैदराबाद के लिए मयंक मार्कंडे ने 4 विकेट लिए जबकि उमरान मलिक और मार्को यान्सिन ने 2-2 विकेट लिए।

