देहरादून। ब्रह्माखाला देहरादून में संस्कृत विभाग को आवंटित 2.38 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त कराकर विभाग को वापस दिलाने की कार्रवाई जिला एवं पुलिस प्रशासन करेगा. इसके लिए जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर संस्कृत शिक्षा की नियमावली जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धनसिंह रावत की अध्यक्षता में सोमवार को विधान सभा के कार्यालय कक्ष में विभिन्न मुद्दों को लेकर संस्कृत विभाग की बैठक आयोजित की गयी. जिसमें राज्य सरकार द्वारा संस्कृत निदेशालय के निर्माण के लिए सहस्रधारा रोड, देहरादून स्थित ब्रह्माखाला में लगभग 2.38 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई थी। जिस पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर मकान बना लिया है। इसकी शिकायत विभाग द्वारा पूर्व में भी स्थानीय प्रशासन से की गई थी।लेकिन जिला प्रशासन उक्त भूमि से अवैध कब्जा नहीं हटा सका। विभागीय अधिकारियों की मांग के आधार पर विभागीय मंत्री डॉ. रावत ने जिला पदाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

जिला प्रशासन की ओर से अपर जिला अधिकारी रामजी शरण शर्मा, तहसीलदार व अन्य राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि संस्कृत संचालनालय को आवंटित भूमि को चिह्नित कर अवैध कब्जाधारियों को हटाने की कार्रवाई की जाए. विभागीय मंत्री ने कहा कि वर्षों से लम्बित संस्कृत शिक्षा नियमावली को कार्मिक एवं न्याय विभाग ने क्लीयर कर दिया है.उन्होंने विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नियमावली जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विभागीय सचिव को संस्कृत विद्यालयों व महाविद्यालयों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए हैं. बैठक में उत्तराखंड संस्कृत अकादमी द्वारा संस्कृत भाषा और संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई, जिसमें डॉ. रावत ने अकादमी द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की.
सचिव संस्कृत शिक्षा चन्द्रेश कुमार यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, एडीएम देहरादून रामजी शरण शर्मा, उप सचिव संस्कृत शिक्षा प्रदीप मोहन नौटियाल, सहायक निदेशक डा. वाजश्रवा आर्य, डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल, शोध अधिकारी डॉ. हरीश गुरूरानी बैठक में अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

