देहरादून : भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 11,109 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक इससे संक्रमित लोगों की संख्या 4,47,97,269 हो गई है. यह पिछले 236 दिनों में सामने आए दैनिक मामलों की अधिकतम संख्या है। वहीं, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 49,622 हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह 8 बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से दिल्ली तथा राजस्थान में तीन-तीन, छत्तीसगढ़ तथा पंजाब में दो-दो और हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, तमिलनाडु, उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,31,064 हो गई है.वहीं केरल ने संक्रमण से मरने वालों की संख्या में फिर से इजाफा करते हुए वैश्विक महामारी से पीडि़तों की सूची में नौ और नाम जोड़े हैं।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में दैनिक संक्रमण दर 5.01 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 4.29 प्रतिशत है। देश में फिलहाल 49,622 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.70 प्रतिशत है। अब तक कुल 4,42,16,586 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत भारत में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 220,66,25,120 खुराकें दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में 7 अगस्त, 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए।

19 दिसंबर 2020 को देश में ये मामले एक करोड़ के पार हो गए। चार मई 2021 को संक्रमितों का आंकड़ा दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार हो गया। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।

पैन कार्ड को आधार से लिंक कराने के नाम पर ठगी