गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के वसंत उत्सव ‘रोंगाली बिहू’ के पहले दिन शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर गुवाहाटी पहुंचे. राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी हवाईअड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। उन्होंने यहां 14,300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।प्रधानमंत्री ने 1120 करोड़ रुपये की लागत से बने गुवाहाटी एम्स का उद्घाटन किया, जिसकी आधारशिला उन्होंने मई 2017 में रखी थी.
इसके अलावा उन्होंने 500 बिस्तरों वाले 3 मेडिकल कॉलेजों नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज, नागांव मेडिकल कॉलेज और कोकराझार मेडिकल कॉलेज को भी असम के लोगों को समर्पित किया। उन्होंने गुवाहाटी से ही इन मेडिकल कॉलेजों का वर्चुअली उद्घाटन किया। एम्स गुवाहाटी कामरूप (ग्रामीण) जिले के चांगसारी में बनाया गया है। यह पूर्वोत्तर का पहला अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान है, जिसे पीएम मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया। गुवाहाटी एम्स आज से 150 बिस्तरों की क्षमता के साथ काम करना शुरू कर देगा।
गुवाहाटी एम्स के कार्यकारी निदेशक अशोक पुराणिक ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रोगी देखभाल सेवा पिछले साल अगस्त में टेलीमेडिसिन के साथ शुरू हुई थी और स्थानीय निवासियों के लिए सीमित ओपीडी सितंबर में शुरू हुई थी. एम्स गुवाहाटी में अधिकांश नैदानिक विभाग काम कर रहे हैं और ओपीडी प्रतिदिन औसतन 150 रोगियों को संभालती है। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी एम्स में वर्तमान में उपलब्ध सेवाओं में डे केयर, फार्मेसी, प्रयोगशाला सुविधाएं और रेडियोलॉजिकल परीक्षण शामिल हैं।

