रुड़की : सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन में शार्ट सर्किट से पंजाब नेशनल बैंक में आग लग गयी. आग इतनी भीषण थी कि बैंक के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि बैंक में रखे करीब 12 लाख की नकदी बच गई। इसके अलावा आसपास के घरों के बिजली के उपकरण भी पूरी तरह से जल गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
बता दें कि पंजाब नेशनल बैंक हरिद्वार रोड पर बेलड़ा गांव में स्थित है। शुक्रवार को हाईटेंशन बिजली लाइन में स्पार्किंग हुई। चिंगारी से पंजाब नेशनल बैंक में लगी आग आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरे बैंक को चपेट में ले लिया। बैंक से आग की लपटें निकलती देख किसी ने फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं, सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया।
जिसके बाद दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बैंक में लगी आग पर काबू पाया. बैंक में आग लगने से कंप्यूटर, दस्तावेज व अन्य सामान जलकर राख हो गया. गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बैंक में रखे 12 लाख रुपये की नकदी बच गई। हालांकि बैंक में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.इस दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई। वहीं ज्ञात हुआ है कि चिंगारी से बैंक के आसपास के करीब 20 घरों के बिजली उपकरण जल जाने से ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

